जसपुर में 127 फुट ऊंचा बनाया गया है ठाकुर शिव मंदिर,मंदिर निर्माण में लगा 12 वर्ष का समय,  निर्माण में आया 2 करोड़ से ऊपर का खर्च, 1 फरवरी से शुरू होगा शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम 

-सुशील चौहान 
उत्तराखंड : जनपद उधम सिंह नगर के प्रमुख नगर जसपुर के बीचोबीच स्थित है सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक ठाकुर मंदिर । मंदिर परिसर में 127 फीट ऊंचे नये शिव मंदिर का निर्माण कराया गया है । इस मंदिर का निर्माण 14 दिसंबर 2013 से प्रारंभ होकर 2026 में पूर्ण हो पाया । इस मंदिर को बनने में लगभग 12 वर्ष का समय लगा । इतना ऊंचा मंदिर पूरे प्रदेश में दूसरा नहीं है। यहां तक कि पूरे भारत में भी शायद ही इतना ऊंचा कोई मंदिर हो ।
श्री ठाकुर मंदिर के महंत श्री श्री श्री 1008 बाबा भगवत दास ने बताया कि आगामी 1 फरवरी से यज्ञशाला में हवन यज्ञ का आयोजन किया जाएगा । इससे पूर्व नगर में 108 कलश मंगल यात्रा निकाली जाएगी। शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा में उत्तराखंड,हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली आदि से साधु संत आएंगे । 2 फरवरी से 9 फरवरी तक प्रतिदिन प्रातः से दोपहर तक यज्ञ हवन पूजन, सायं के समय कथा कराई जाएगी, नगर भ्रमण के बाद 8 फरवरी को देहरादून के आचार्य खीमानंद भट्ट द्वारा मंत्र उच्चारण विधि विधान से प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी तथा 9 फरवरी को पूर्ण आहुति के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा । जो अफजलगढ़ रोड स्थित स्वागत मंडप में संपन्न होगा। भक्त जनों, सभी आगुंतकों एवं श्रद्धालुओं को पूर्व में ही निमंत्रण कार्ड के माध्यम से अवगत कराया जा चुका है। इस कार्यक्रम की तैयारी को लेकर कार सेवक व्यवस्था बनाए हुए देखे गए । इस वर्ष महाशिवरात्रि पर्व पर शिव भक्त हरिद्वार से गंगाजल  लाकर भगवान शिव पर जलाभिषेक करेंगे। इस भव्य मंदिर की कलाकृतियां देखने लायक है। मंदिर के अंदर विशाल शेषनाग,नीचे से ऊपर शिखर तक सर्प और मयूर अति शोभायमान प्रतीत हो रहे हैं। जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं का तांता अभी से लगा है । इस विशाल मंदिर को बनाने के लिए श्री श्री 1008 बाबा भगवानदास द्वारा भक्तगणों से भिक्षावृत्ति करके इस मंदिर को चार चांद लगाए हैं। इस मंदिर के निर्माण में 2 करोड़ रुपए से ऊपर का खर्च आना बताया गया ।