जसपुर क्षेत्र के पतरामपुर जंगल में पहली बार शुरू होगी जंगल सफारी, वन मंत्री 18 फरवरी को करेंगे शुभारंभ

-सुशील चौहान 
उत्तराखण्ड : जनपद उधम सिंह नगर के जसपुर क्षेत्र के पतरामपुर  जंगल में पहली बार जंगल सफारी 18 फरवरी से शुरू होगी। कॉर्बेट पार्क, अमानगढ़ रिजर्व क्षेत्र के बाद अब पतरामपुर वन क्षेत्र में भी पर्यटक फाटो रेंज में जंगल सफारी कर सकेंगे। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलने की भी उम्मीद है।
बीते काफी समय से जंगल घूमने के शौकीन अपने वाहनों से तराई पश्चिमी वन प्रभाग के पतरामपुर वन चौकी की ओर से कालू सैयद बाबा मजार, फाटो रेंज होते हुए रामनगर आते थे। यह वन क्षेत्र कॉर्बेट से सटा है। इस इलाके को पर्यटन से जोड़कर जंगल सफारी कराने की कई बार मांग उठ चुकी थी। पूर्व विधायक डॉ.शैलेंद्र मोहन सिंघल की मांग पर वन मंत्री सुबोध उनियाल ने पतरामपुर से फाटो रेंज (सात किमी आना, जाना) तक जंगल सफारी करने की अनुमति दे दी है। पूर्व विधायक डॉ. सिंघल ने बताया कि वन मंत्री, सांसद अजय भट्ट 18 फरवरी को इसका शुभारंभ करेंगे। पतरामपुर जंगल सफारी के लिए लोग उनसे मांग करते थे। उनकी मांग पर ही वन मंत्री को सफारी कराने का सुझाव दिया था। वन मंत्री इसके लिए सहमत है। बताया कि इससे स्थानीय लोग रोजगार से जुड़ रहे हैं। कुछ लोगों ने सफारी के लिए जिप्सी भी खरीद ली है। पांच जिप्सी सुबह तो पाचं शाम को जंगल में जाएगी। एसडीओ संदीप गोस्वामी ने बताया कि जंगल सफारी के लिए छह लोगों का 1650 रुपये टिकट होगा। जिसमें जिप्सी का किराया शामिल नहीं है। 
पूर्व विधायक डॉ. सिंघल ने बताया वन मंत्री जंगल सफारी के शुभारंभ बाद लकड़ी मंडी में व्यापारियों से उनकी समस्याओं पर चर्चा करेंगे। उसके बाद वह स्वागत मंडप में आयोजित युवा संवाद में युवाओं से रूबरू होंगे। इसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।