मानक इंस्पायर अवार्ड में जसपुर क्षेत्र की ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल एकेडमी की छात्रा रिदमप्रीत कौर का राष्ट्रीय स्तर पर चयन,अंतर्राष्ट्रीय मंच की ओर कदम

-सुशील चौहान 
उत्तराखण्ड : जनपद ऊधम सिंह नगर के जसपुर क्षेत्र के अंग्रेजी माध्यम के प्रमुख विद्यालय ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल एकेडमी की प्रतिभाशाली छात्रा रिदमप्रीत कौर का मानक इंस्पायर अवार्ड प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर चयन किया गया। रिदम प्रीत कौर ने अपनी उत्कृष्ट वैज्ञानिक सोच और नवाचार क्षमता का परिचय देते हुए मानक इंस्पायर अवार्ड प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित होकर विद्यालय, जनपद एवं पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष एवं गर्व का माहौल है और यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।
उत्तराखंड राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), देहरादून के तत्वावधान में डॉल्फिन पी.जी. इंस्टीट्यूट ऑफ बायोमेडिकल एंड नेचुरल साइंसेज, मांडूवाला (देहरादून) में आयोजित 13वीं राज्य स्तरीय इंस्पायर अवार्ड विज्ञान प्रदर्शनी एवं प्रोजेक्ट प्रतियोगिता (2024) का आयोजन 16 एवं 17 अप्रैल 2026 को किया गया। इस दो दिवसीय भव्य आयोजन में प्रदेश के 13 जनपदों से आए 120 प्रतिभाशाली बाल वैज्ञानिकों ने अपने-अपने नवाचारी प्रोजेक्ट्स और मॉडलों का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ निदेशक (शोध एवं प्रशिक्षण) वंदना गर्ब्याल, प्रोफेसर दुर्गेश पंत (महानिदेशक, यूकॉस्टू), श्री के.एस. रावत (अपर निदेशक), श्री के.एन. बिजल्वाण (सहायक निदेशक), श्री विनोद कुमार ढौंढियाल (मुख्य शिक्षा अधिकारी, देहरादून) एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। आयोजन के दौरान विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान एवं नवाचार के महत्व पर प्रेरणादायक व्याख्यान दिए गए।
प्रतियोगिता के प्रथम दिवस में प्रतिभागी विद्यार्थियों ने अपने प्रोजेक्ट्स का प्रोटोटाइप के माध्यम से प्रदर्शन किया, जबकि द्वितीय दिवस में विद्यार्थियों को आंचलिक विज्ञान केंद्र, देहरादून का शैक्षिक भ्रमण भी कराया गया। समापन सत्र में मुख्य अतिथि श्री मेहरबान सिंह बिष्ट (अपर निदेशक) एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता में प्रस्तुत सभी मॉडलों का मूल्यांकन नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन (NIF) के अनुभवी वैज्ञानिकों एवं शोधकर्ताओं की जूरी संध्या तिवारी जी, दीप्ति जागोड़ा जी, डॉ. पारस, डॉ. नौटियाल एवं श्री राकेश जगुरान द्वारा किया गया। जूरी ने विद्यार्थियों के नवाचार, उपयोगिता, सामाजिक प्रभाव एवं वैज्ञानिक सोच के आधार पर मॉडलों का चयन किया। रिदमप्रीत कौर ने अपने अभिनव प्रोजेक्ट से निर्णायकों को अत्यंत प्रभावित किया और राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित होने में सफलता प्राप्त की। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 120 विद्यार्थियों में से केवल 13 विद्यार्थियों का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए किया गया, जिसमें उधम सिंह नगर जनपद से चयनित 4 विद्यार्थियों में ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल एकेडमी, जसपुर की रिदमप्रीत कौर का नाम प्रमुख रूप से शामिल है। यह उपलब्धि न केवल छात्रा की मेहनत का परिणाम है, बल्कि विद्यालय के उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण और शिक्षकों के मार्गदर्शन को भी दर्शाती है।
रिदमप्रीत कौर ने अपने साक्षात्कार में अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि “प्रतियोगिता के दौरान हमें कई प्रकार के नवाचारी मॉडल देखने और समझने का अवसर मिला। हमने विज्ञान प्रयोगशालाओं का भी भ्रमण किया। जिन विषयों को हम अब तक केवल पुस्तकों में सैद्धांतिक रूप से पढ़ते थे, उन्हें वहाँ प्रत्यक्ष रूप से देखने और समझने का अवसर मिला। इससे हमें व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ और ऐसी कई नई चीज़ें सीखने को मिलीं, जिन्हें हमने पहले कभी नहीं देखा था।”राष्ट्रीय स्तर पर चयनित विद्यार्थियों में से आगे पुनः शीर्ष 10 प्रतिशत का चयन किया जाएगा, जिन्हें अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जापान जाकर अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मधु शर्मा जी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता छात्रा ,उसके पिता और शिक्षकों के अथक परिश्रम, अनुशासन एवं मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच एवं नवाचार को प्रोत्साहित करता है और भविष्य में भी ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मंच प्रदान करता रहेगा। रिदमप्रीत के मार्गदर्शक शिक्षकों ने बताया कि वह प्रारंभ से ही जिज्ञासु, परिश्रमी एवं नवाचार के प्रति समर्पित छात्रा रही हैं। उन्होंने विषय को गहराई से समझते हुए निरंतर मेहनत की, जिसका परिणाम आज इस बड़ी उपलब्धि के रूप में सामने आया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रिदमप्रीत राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं देश का नाम रोशन करेंगी। जिला स्तर पर इंस्पायर अवार्ड समन्वयक श्री प्रेम चंद्र तथा गाइड शिक्षिकाओं विनीता जगदीश चौधरी, हेमलता एवं पूर्णिमा पंत के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री हरेंद्र मिश्रा सहित अन्य शिक्षा अधिकारियों ने भी चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विज्ञान का उद्देश्य केवल प्रयोगशाला तक सीमित नहीं, बल्कि समाज की समस्याओं के समाधान में उसका उपयोग होना चाहिए।
विद्यालय के प्रबंधक श्री अमित कांबोज जी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे विद्यालय और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन सदैव विद्यार्थियों को नवाचार, शोध एवं रचनात्मक सोच के लिए प्रोत्साहित करता है तथा उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करता है। उन्होंने यह भी कहा कि रिदमप्रीत की यह सफलता उसके पिता जी के सहयोग और विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, समर्पित शिक्षकों एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण का प्रत्यक्ष प्रमाण है।विद्यालय प्रबंधन ने रिदमप्रीत कौर को इस उल्लेखनीय सफलता पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इस उपलब्धि से विद्यालय में उत्सव जैसा वातावरण है और अन्य छात्र-छात्राएं भी इससे प्रेरित होकर विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए उत्साहित हैं।