-सुशील चौहान
उत्तराखण्ड: स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा जसपुर क्षेत्र के 8 अल्ट्रासाउंड सेंटरों का रोचक निरीक्षण किया गया । टीम द्वारा 3 अल्ट्रासाउंड सेंटरों को नोटिस दिए जाने का निर्णय दिया गया ।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी, ऊधम सिंह नगर डॉ. के.के.अग्रवाल के निर्देशों के क्रम में 23/04/2026 को जसपुर क्षेत्र में संचालित 08 अल्ट्रासाउंड केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया । निरीक्षण टीम में डॉ.धीरेन्द्र मोहन गहलोत, मेडिकल सुपरिटेंडेंट , जसपुर एवं पीसीपीएनडीटी कोऑर्डिनेटर प्रदीप मेहर उपस्थित रहे। टीम द्वारा सबसे पहले सीएचसी जसपुर स्थित अल्ट्रासाउंड केंद्र का निरीक्षण किया गया, जहां पाया गया कि रेडियोलॉजिस्ट द्वारा सप्ताह में केवल एक बार अल्ट्रासाउंड सेवा प्रदान की जा रही है। उसके बाद जसपुर के गर्ग अल्ट्रासाउंड सेंटर,
उर्मिला नर्सिंग होम ,अरिहंत हॉस्पिटल,गहलोत नर्सिंग होम, किलकारी हॉस्पिटल, परी हॉस्पिटल, एक नए अल्ट्रासाउंड केंद्र के पंजीकरण आवेदन हेतु प्रस्तुत मानकों की जांच की गई।निरीक्षण में 5 अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर PC-PNDT अधिनियम 1994 के प्रावधानों, फॉर्म-F अभिलेख, उपकरणों की स्थिति एवं स्टाफ की उपलब्धता की जांच की गई । जो संतोषजनक पाए गए ।
03 केंद्रों अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर अभिलेखों में मामूली कमियां एवं रजिस्टर अद्यतन नहीं पाए गए । जिसके कारण उन्हें सुधारात्मक नोटिस जारी करने का निर्णय लिया गया है। संबंधित अल्ट्रासाउंड केंद्रों को 07 कार्य दिवस के भीतर कमियों का निराकरण कर अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं । नए अल्ट्रासाउंड सेंटर के पंजीकरण हेतु आवेदन करने वाले केंद्र के दस्तावेजों एवं मशीन के मानकों का भी भौतिक सत्यापन किया गया, जो मानकों के अनुरूप पाए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद में लिंग अनुपात सुधार एवं अवैध लिंग जांच पर रोक के लिए नियमित निरीक्षण लगातार जारी रहेगा । साथ ही जसपुर क्षेत्र की सीमा पर अवैध गतिविधियों की रोकथाम हेतु कड़ी निगरानी रखी जाएगी और शीघ्र ही सीमावर्ती जनपदों के साथ संयुक्त निरीक्षण अभियान भी चलाया जाएगा ।