सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जसपुर की ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल एकेडमी में दी गई सड़क के नियमों की जानकारी,सड़क सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक,दिलाई गई सड़क सुरक्षा,जीवन रक्षा की शपथ

-सुशील चौहान 
उत्तराखण्ड: जनपद ऊधम सिंह नगर के प्रमुख क्षेत्र जसपुर की ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल एकेडमी में सड़क सुरक्षा,जीवन रक्षा महाअभियान के अंतर्गत सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु सड़क सुरक्षा शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया । जिसमें विद्यालय के बच्चों,शिक्षकों, बस चालकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों भाग लिया । इस अवसर पर कुंडा थाना प्रभारी जी. डी.भट्ट , सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार, हरिश्चंद्र पांडेय,कांस्टेबल राजेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया । पुलिस अधिकारियों ने  हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, दोपहिया वाहनों पर ट्रिपल सवारी के खतरों, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग से बचने, नशे की स्थिति में वाहन न चलाने तथा 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों द्वारा वाहन चलाने पर लागू कानूनी प्रतिबंधों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की स्थिति में अभिभावकों पर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई के प्रावधानों से भी अवगत कराया । विद्यालय की प्रधानाचार्या मधु शर्मा ने सड़क सुरक्षा को जीवन से जोड़ते हुए विद्यार्थियों से सतर्क,अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया । उन्होंने सड़क पर विचरण करने वाले पशुओं के प्रति भी संवेदनशीलता बरतने तथा मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की अपील की। कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई ।