-सुशील चौहान
उत्तराखण्ड : प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल पर कथित रूप से उमेश काऊ (विधायक, रायपुर विधानसभा) एवं उनके साथ आए कुछ व्यक्तियों द्वारा किए गए हमले की घटना के सम्बन्ध में शिक्षा निदेशालय,देहरादून में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिसमें घटना की कड़ी निंदा की गई ।

राजकीय शिक्षक संघ के प्रांतीय प्रवक्ता विमल सिंह चौहान मंत्री ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में कहा है कि बैठक में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान उक्त घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय बताया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं प्रशासनिक कार्यप्रणाली एवं शासकीय व्यवस्था की गरिमा के विपरीत हैं तथा इससे कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना उत्पन्न होती है।
बैठक में सर्वसम्मति से निम्न निर्णय लिया गया कि दिनांक 23 व 24 फ़रवरी को संपूर्ण शिक्षा विभाग के अधिकारी, कर्मचारी पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार में रहेंगे,छात्र हित को ध्यान में रखते हुए शिक्षकों को एक सप्ताह के लिए परीक्षा सुचारू रूप से चलाने हेतु निर्णय लिया गया। मांग की गई किमुख्य सचिव से वार्ता पूरे अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए एस.ओ.पी जारी की जाय। राज्य के सभी विभागों में पुलिस व्यवस्था की जाय। चेतावनी दी गई कि दो दिवस के अंतर्गत यदि आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता है तो दिनांक 25 फरवरी से प्रदेश के समस्त कार्यालय नगर पंचायत से सचिवालय तक कार्यबहिष्कार पर रहेंगे। अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक संयुक्त मोर्चा का अध्यक्ष राम सिंह चोहान व महामंत्री मुकेश बहुगुणा को नामित किया गया। मोर्चा के मीडिया प्रभारी संजय भास्कर को नियुक्त किया गया।