अंतर विद्यालयीय समूह गान प्रतियोगिता स्वरांजलि 3 में ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल एकेडमी जसपुर और द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल काशीपुर ने संयुक्त रूप से प्राप्त किया प्रथम स्थान 

– सुशील चौहान 
उत्तराखण्ड: संगीत प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने, विद्यार्थियों में भारतीय संगीत एवं संस्कृति के प्रति रुचि विकसित करने तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल एकेडमी, जसपुर में अंतरविद्यालीय समूह गान संगीत प्रतियोगिता ‘स्वरांजलि 3’ का भव्य आयोजन किया गया । ऊधम सिंह नगर क्षेत्र में अपनी तरह की यह विशिष्ट प्रतियोगिता लगातार तीसरे वर्ष आयोजित की गई । संगीत, देशभक्ति,भारतीय संस्कृति और विद्यार्थियों की प्रतिभा के अद्भुत संगम ने पूरे विद्यालय परिसर को सुरमयी बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन अमित कांबोज,भावना कांबोज, साक्षी कांबोज, प्रधानाचार्या मधु शर्मा एवं निर्णायक मंडल के सदस्यों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान विद्यालय के संगीत विभाग के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
प्रतियोगिता में क्षेत्र के 12 विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया । इनमें जी.डी.गोयनका स्कूल, रुद्रपुर; रूट्स ग्लोबल स्कूल, पीरूमदारा, रामनगर; नालंदा रेजिडेंशियल स्कूल, किच्छा; एमिनिटी पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर; ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल एकेडमी,जसपुर; रेड रोज कॉन्वेंट स्कूल, गदरपुर; जीनियस ग्लोबल एकेडमी, बाजपुर; द हेरिटेज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, काशीपुर; जेनेसिस इंटरनेशनल स्कूल, जसपुर; साई पब्लिक स्कूल, काशीपुर; कृष्णा पब्लिक कॉलेजिएट, काशीपुर तथा द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल, काशीपुर शामिल रहे। सभी टीमों ने शानदार सामूहिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी गायन प्रतिभा, सुर-ताल और सामूहिक समन्वय का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के छह सदस्यीय निर्णायक मंडल में श्री पुष्पेंद्र चौहान, श्री प्रभाकर जोशी, श्री अमन सक्सेना,भावना कांबोज, साक्षी कांबोज एवं नूपुर कांबोज शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की सुर, लय,ताल, गायन की गुणवत्ता, प्रस्तुति, सामूहिक तालमेल,वेशभूषा एवं संगीत की समझ के आधार पर प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया। संगीत क्षेत्र में अनुभव रखने वाले निर्णायकों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास और भारतीय संगीत परंपरा से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया।
प्कूओड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल एकेडमी, जसपुर और द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल, काशीपुर ने संयुक्त रूप से प्रथम ोो ओ तो वस्थान प्राप्त किया। एमिनिटी पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर ने द्वितीय तथा जेनेसिस इंटरनेशनल स्कूल, जसपुर ने तृतीय स्थान हासिल किया। जी.डी. गोयनका स्कूल, रुद्रपुर को चतुर्थ और जीनियस ग्लोबल एकेडमी, बाजपुर को पंचम स्थान प्राप्त हुआ। परिणाम घोषित होते ही सभी प्रतिभागी टीमों का तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साहवर्धन किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या मधु शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि ‘स्वरांजलि’ केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने, उसे मंच देने और नई पीढ़ी को भारतीय संगीत एवं संस्कृति से जोड़ने की एक सार्थक पहल है। उन्होंने कहा कि संगीत हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा है और यह तनाव एवं अवसाद जैसी अनेक समस्याओं से दूर रखने के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यालयों, विद्यार्थियों एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सहभागिता से यह आयोजन सफल और सार्थक बन सका।
प्रधानाचार्या मधु शर्मा ने विद्यालय प्रबंधन समिति एवं चेयरमैन अमित कांबोज के निरंतर सहयोग के लिए विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय की प्रगति और विद्यार्थियों के लिए ऐसे उत्कृष्ट अवसर उपलब्ध कराने में प्रबंधन का सहयोग सदैव प्राप्त होता रहा है। विद्यालय प्रबंधन की इसी दूरदर्शिता और विद्यार्थियों के बहुआयामी विकास के प्रति प्रतिबद्धता के परिणामस्वरूप ‘स्वरांजलि’ आज लगातार तीसरे वर्ष एक सफल एवं प्रतिष्ठित अंतर-विद्यालयी संगीत प्रतियोगिता के रूप में आयोजित हो सकी है।
ऊधम सिंह नगर क्षेत्र में विद्यार्थियों की संगीत प्रतिभा को एक साझा मंच प्रदान करने की दिशा में ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल एकेडमी की यह पहल विशेष रूप से सराहनीय मानी जा रही है। प्रतियोगिता के माध्यम से विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को एक-दूसरे की प्रतिभा देखने, सीखने और अपनी कला को बड़े मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिला। विद्यालय प्रबंधन की इस उत्कृष्ट पहल की प्रतिभागी विद्यालयों एवं शिक्षकों द्वारा भी सराहना की गई।
‘स्वरांजलि 3’ के सफल आयोजन में विद्यालय के संगीत शिक्षक श्री हितेश शर्मा की भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। प्रतियोगिता की तैयारियों, विद्यार्थियों के मार्गदर्शन, प्रस्तुतियों के अभ्यास तथा आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं में उनके पूर्ण समर्पण,अथक परिश्रम और निरंतर सहयोग का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विद्यालय प्रबंधन एवं पूरी टीम के सहयोग से उन्होंने प्रतियोगिता को सफल एवं यादगार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन विद्यालय के हिंदी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉक्टर अशोक नौटियाल के साथ कक्षा 11 की छात्राओं कृतिका बोरा एवं जिज्ञासा चौहान ने किया । कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्या मधु शर्मा, ए.एच.सी. दीपक मारवाह, निर्णायक मंडल, शिक्षकगण , सहयोगी कर्मचारियोंको एवं सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
‘स्वरांजलि 3’ ने न केवल विद्यार्थियों की संगीत प्रतिभा को एक प्रभावशाली मंच प्रदान किया, बल्कि सुर, ताल और लय के माध्यम से भारतीय संगीत एवं संस्कृति की सुंदर छटा भी बिखेरी। ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल एकेडमी और द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल की संयुक्त प्रथम स्थान की उपलब्धि ने इस सुरमयी आयोजन को और भी यादगार बना दिया।