-सुशील चौहान
उत्तराखण्ड: जसपुर में वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई व महाराज अग्रसेन की प्रतिमाएं स्थापित किए जाने को लेकर पैदा हुआ विवाद गहरा जाने से स्थिति बिगड़ने की आशंका से प्रशासन द्वारा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु जसपुर के कुछ आवश्यक स्थानों पर निषेधाज्ञा लागू कर दी गई ।

जनपद ऊधम सिंह नगर के नगर जसपुर के ठाकुर मंदिर के पास वीरांगना महारानी लक्ष्मी बाई व महाराजा अग्रसेन की प्रतिमाएं स्थापित किए जाने को लेकर जसपुर के विधायक आदेश चौहान व पूर्व विधायक डॉक्टर शैलेंद्र मोहन सिंघल के समर्थकों में खासा टकराव हो गया था और यह विवाद दिन ब दिन फूल पकड़ता जा रहा है । यह विवाद रोज नया मोड़ ले रहा है । दोनों पक्षों द्वारा एक दूसरे के खिलाफ जुलूस निकाले गए जिससे मामला काफी गरमा गया। दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रार्थना पत्र दिए गए । यह मामला सोशल मीडिया पर छाया हुआ है । यह मामला नगर व ग्रामीण क्षेत्र में चर्चा का बना हुआ है जहां-तहां इसी मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं सुनने को मिल रही हैं । यह बहुत चर्चित मामला उस समय और ज्यादा तूल पकड़ गया,जब जसपुर के पूर्व विधायक व वर्तमान विधायक ने एक-दूसरे को 20 अप्रैल 2026 को जसपुर के बीएसवी इंटर कॉलेज में निर्धारित समय पर पहुंच कर आमने-सामने का मुकाबला करने का चैलेंज कर दिया । इससे नगर में स्थिति खराब होने व शांति भंग होने की आशंका हो गई। जिससे प्रशासन व पुलिस प्रशासन चिंतित हो गया । शांति भंग होने के आशंका से शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु व आशंकित खतरे को दृष्टिगत रखते हुए जसपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक की आख्या दिनांक 19 अप्रैल 2026 पर उप जिला अधिकारी राहुल शाह ने जसपुर के कुछ आवश्यक स्थानों बीएसवी इंटर कॉलेज, कालिया वाला मोड़, सुभाष चौक, लकड़ी मंडी चौक, पृथ्वीराज चौहान चौक व सूत मिल चौकी स्थानों के करीब 100 मीटर परिधि में निषेधाज्ञा लागू करने का आदेश पारित कर दिया। जिसके अनुसार संबंधित स्थानों पर कोई पांच या उससे अधिक व्यक्ति खड़े नहीं हो सकेंगे तथा उक्त स्थानों के आसपास की सीमा के अंतर्गत शस्त्र, लाठी चाकू आदि किसी प्रकार का हथियार एवं विस्फोटक पदार्थ लेकर नहीं चलेंगे । प्रशासन ने उक्त स्थानों पर बिना पूर्व अनुमति के प्रवेश करने व जनसभा करने तथा जुलूस व रैली आदि निकालना पर भी प्रतिबंध लगा दिया है ।