– सुशील चौहान
उत्तराखण्ड: जसपुर,ऊसिंन क्षेत्र के गांव देवी पुरा के पास एक मोटरसाइकिल सवार युवक पर गुलदार ने हमला कर दिया । लेकिन युवक मौत के मुंह से बाल-बाल बच गया । घटना के करीब 15 दिन बाद एक बार फिर गांव के पास दिन दहाड़े गुलदार दिखाई दिया। जिससे गांववासियों में दहशत व्याप्त है ।

जनपद ऊधम सिंह नगर के जसपुर क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से जहां तहां जंगली जानवरों का आतंक मचा हुआ है । जिसके चलते करीब 2 वर्ष पहले जसपुर क्षेत्र के गांव देवी पुरा के बाहरी छोर पर स्थित जयवर्धन सैनी की चक्की के आसपास गुलदार ने आतंक मचाया था। उसके बाद भी खेतों में यदा कदा गुलदार दिखाई देते रहते हैं । जिससे गुलदार द्वारा किसी भी व्यक्ति पर हमला किये जाने की आशंका बनी रहती है । गांव वासियों ने बताया कि करीब 15 दिन पहले देवी पुरा रोड स्थित मनोज कुमार चौहान के वर्षों से बंद पड़े राइस मिल के पास सड़क पार करते समय एक गुलदार ने प्रातः करीब 6 बजे देवी पुरा निवासी युवक सचिन कुमार पुत्र टिकराज सिंह की मोटरसाइकिल पर उस समय हमला कर दिया,जब वह अपने खेत पर काम करने जा रहा था। हालांकि गनीमत रही कि हमलावर गुलदार का दांव औछा पड़ गया और युवक किसी तरह अपनी जान बचाकर बच निकला । यदि युवक मोटरसाइकिल पर सवार न होता तो उसकी जान जा सकती थी।इस घटना के करीब 15 दिन बाद गांव के पास स्थित जयवर्धन सैनी की चक्की के पीछे खेत में घास काटने गई महिलाओं को अपराह्न 2- ढाई बजे गुलदार स्वछंद रूप से विचरण करते दिखाई दिया। जिससे महिलाओं के होश उड़ गए और किसी तरह गुलदार से बच कर भाग खड़ी हुईं । उन्होंने बात गांव में आकर गांव वासियों को बताई ।
जिससे गांव वासियों में दहशत व्याप्त हो गई । कुल मिलाकर गुलदार द्वारा मोटरसाइकिल सवार युवक पर हमला किये जाने व उसके करीब 15 दिन बाद गुलदार के पुनः दिखाई देने से गांव वासियों में दहशत व्याप्त है और गांव वासी काफी चिंतित हैं । गांव वासी खेतों पर काम करने जाने से कतरा रहे हैं । गौरतलब है कि कुछ वर्ष पूर्व पास के गांव कासमपुर के एक व्यक्ति पर तड़के खेत में गेहूं की कटाई करते समय गुलदार ने हमला कर दिया था । जिससे उसकी जान चली गई थी।