~ सुशील चौहान
उत्तराखण्ड:14 फरवरी 2025 को जनपद ऊधम सिंह नगर की कोतवाली जसपुर अंतर्गत ग्राम नारायणपुर में छत्रपाल पुत्र बुद्ध सिंह की पुत्री की शादी के दौरान डीजे बजाने के विवाद को लेकर 10 -15 व्यक्तियों द्वारा जबर्दस्ती शादी के पंडाल के अन्दर घुसकर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देते हुए तोड़फोड़ कर जान से मारने की नियत से ईंट-रोड़े बरसाते हुए ,मारपीट कर बलवा किया गया था । उपद्रवियों के बलवे से शादी के पंडाल में चारों तरफ हाय-हुल्ला व अफरा तफरी मच गयी थी और शादी में खासा व्यवधान पैदा हो गया था । बताया गया कि कुछ लोगों को चोटें भी आई थीं । घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर किसी तरह मामले को शांत कर शादी को सकुशल सम्पन्न कराया था । इस मामले में छत्रपाल की तहरीर के आधार पर 11 लोगों के खिलाफ नामजद व 7-8 अन्य लोगों के विरुद्ध जसपुर कोतवाली में धारा- 109/115/190/191(1)/191(2)/191(3)/324(2)/333/351(2)/352 बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया ।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकान्त मिश्रा के निर्देशानुसार क्षेत्राधिकारी काशीपुर दीपक सिंह के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु टीम का गठन किया गया । 15 फरवरी को जसपुर पुलिस द्वारा घटनास्थल से पंडाल में फैले ईंट व ईंट-रोड़े बरामद किए गए और मुखबिर की सूचना पर नामजद आरोपियों सुलेमान उर्फ अन्हे पुत्र मुबारिक हुसैन उर्फ मुरारी, नवाजिश पुत्र मोहम्मद नबी, शहजाद पुत्र आजाद निवासीगण ग्राम नारायणपुर थाना जसपुर को गिरफतार कर लिया गया । पुलिस द्वारा घटना में प्रयुक्त लकड़ी के 2 डन्डे बरामद किये गये । पुलिस ने आरोपियों को माननीय न्यायालय पेश किया गया।
आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली जसपुर जगदीश सिंह ढकरियाल, एस आई हरीश आर्य, एस आई ललित सिंह , कांस्टेबल नवीन प्रकाश, दयालु राम व किशोर गिरी शामिल रहे।
गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीएसी तैनात,सीओ ने किया दौरा
गांव नारायणपुर में बारात पर हुए हमले की घटना से सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बनी हई है । गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस व दो प्लाटून पीएसी तैनात की गई है। जो स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है। जिसके चलते गांव में सांप्रदायिक तनाव के बावजूद शांति व्यवस्था बनी हुई है। 15 फरवरी को सीओ दीपक सिंह ने गांव नारायण पुर का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए । कोतवाल जगदीश सिंह ढकरियाल ने बताया कि दूसरे पक्ष की ओर से अभी तक किसी प्रकार की कोई तहरीर नहीं आई है ।