जसपुर क्षेत्र के गांव कलिया वाला में भी दिखाई दिया गुलदार, कुछ गांवों में घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं गुलदार,गांव वासियों में दहशत,गुलदारों को पड़कर जंगल में छोड़ने की मांग

– सुशील चौहान 

उत्तराखण्ड: जसपुर क्षेत्र के गांव कलियावाला में भी गुलदार दिखाई दिया। जिससे गांववासियों में दहशत व्याप्त है ।
उक्त जानकारी देते हुए किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष प्रेम सिंह सहोता ने बताया कि जसपुर क्षेत्र के कई गांवों में गुलदार का आतंक मचा हुआ है । वहीं हाल ही में उनके गांव में भी कलिया वाला रोड स्थित शहीदी गुरुद्वारा के पास रहने वाले सुखवंत सिंह व अमरजीत सिंह पुत्र अवतार सिंह तथा गुरमेज सिंह व हैरी पुत्र गुरप्रीत ‌सिंह उर्फ जुगाड़ू के घरों के आसपास लोगों को एक मादा गुलदार अपने दो बच्चों के साथ दिखाई दी । उन्होंने बताया कि एक दिन तो प्रातः करीब 5:00 बजे मादा गुलदार कुछ देर  सड़क पर बैठी रही। जो बाद में उठकर चली गई । इस मादा गुलदार के दिखाई देने से गांव वासियों में दहशत व्याप्त है । क्योंकि यहां गांव एक जगह बसा हुआ नहीं है । कुछ-कुछ दूरी पर सिख परिवारों के फार्म हाउस है । पिछले वर्ष भी यहां गुलदार दिखाई दिया था । उन्होंने बताया कि जसपुर क्षेत्र के गांव जगदीशा वाला से गुलदार दो लोगों के घरों से कुत्ते उठा कर ले गया । उससे पहले गुलदार गांव रामनगर वन से दो कुत्ते और एक बकरी का बच्चा उठाकर ले गया। इसके अलावा गुलदार गांव वीरपुरी से एक व्यक्ति के घेर में से कुतिया उठा कर ले गया । उन्होंने वन विभाग से मांग कि जिन स्थानों पर गुलदार घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं और जिन स्थानों पर दिखाई दे रहे हैं , उन स्थानों को चिन्हित कर पिंजरे लगाए जाएं और गुलदारों को पकड़ कर जंगल में छोड़ा जाए । क्योंकि ग्रामीण क्षेत्र में लोगों का कृषि का व्यवसाय है । लोगों को दिन के अलावा देर-सवेर भी खेतों पर काम करने जाना पड़ता है । गुलदार द्वारा हमला किए जाने का भय बना रहता है।