काशीपुर क्षेत्र के गांव कुंडेश्वरी में तीसरी मंजिल से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की दर्दनाक मौत, मृतका के मायके वालों ने पति पर लगाया हत्या करने का मौखिक आरोप 

सुशील चौहान 
उत्तराखण्ड: जनपद उधम सिंह नगर के काशीपुर क्षेत्र के आईटीआई थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव कुंडेश्वरी में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में तीन मंजिल से गिरकर मौत हो गई। मृतका के भाई ने उसके पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और घरेलू विवाद के दौरान तीसरी मंजिल से नीचे फेंककर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।  कुंडेश्वरी नवासी शिशुपाल पुत्र बीरभान सिंह कैटरिंग के काम में मजदूरी करता है। वह पिछले करीब डेढ़ वर्ष से अपने परिवार से अलग किराये के मकान में रह रहा है । मृतका के भाई ग्राम शेरपुर बहलीन, शरीफनगर निवासी विपुल (ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद) ने मौखिक रूप से बताया कि उनकी बहन रूबी सिंह (35) की शादी करीब 13 वर्ष पहले डिलारी, मुरादाबाद निवासी शिशुपाल से हुई थी। दोनों का चार वर्षीय बेटा तन्मय सिंह है। विपुल का आरोप है कि शादी के बाद से ही जीजा शिशुपाल दहेज को लेकर रूबी के साथ मारपीट करता था और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। पति की प्रताड़ना के चलते मायके वाले रूबी की आर्थिक मदद भी करते थे और उसके खर्च के लिए पैसे भेजते रहे। परिजनों के मुताबिक बीती रात करीब 10:30 बजे घरेलू विवाद के दौरान शिशुपाल ने रूबी को मकान की तीसरी मंजिल की छत से नीचे फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल रूबी को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों का कहना है कि उन्हें घटना की सूचना रात करीब 12 बजे मिली। सूचना मिलने पर वे मुरादाबाद रोड स्थित एक अस्पताल पहुंचे, जहां रूबी को मृत घोषित कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि उसका बहनोई शराब पीने का आदी है और लंबे समय से दहेज को लेकर रूबी को परेशान करता था। हालांकि समाचार लिखने तक मृतका के मायके वालों की तरफ से घटना के संबंध में पुलिस को किसी प्रकार की कोई तहरीर नहीं दी गई । मृतका के मायके वालों ने मृतका के पति पर केवल मौखिक रूप से आरोप लगाए गए हैं । पुलिस अपने स्तर से घटना की जांच कर रही है ।