ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल एकेडमी जसपुर में सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन – I अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ, क्षेत्र का आज तक का सबसे बड़ा कार्यक्रम हुआ साबित, कार्यक्रम से विद्यालय को बड़े स्तर प्राप्त होगी ख्याति

– सुशील चौहान 
उत्तराखण्ड : ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल एकेडमी, जसपुर में सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन-I अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का भव्य शुभारंभ खेल भावना, उत्साह और उमंग के साथ हुआ । देश के विभिन्न विद्यालयों से आए लगभग 120 विद्यालयों के 1000 से अधिक युवा क्रिकेटर इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा,अनुशासन और खेल कौशल का प्रदर्शन करने के लिए मैदान में उतर रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में विद्यालय के संस्थापक सुनील कांबोज,चेयरमैन  अमित कांबोज, डायरेक्टर सुमित कांबोज और प्रधानाचार्या मधु शर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (CAU) के अध्यक्ष दीपक मेहरा रहे। उत्तराखंड में क्रिकेट के विकास तथा युवा प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में उनके योगदान की सराहना की गई। विशिष्ट अतिथियों के रूप में CAU के उपाध्यक्ष अजय पांडे, राज्य आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. विनय रुहेला, भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज पाल, पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल, डॉ. रवि सहोता तथा विशेष अतिथि  शारुल अग्रवाल उपस्थित रहे। इसके साथ ही सीबीएसई के ऑब्ज़र्वर एवं सेलेक्टर्स भी विशेष रूप से मौजूद रहे। विभिन्न विद्यालयों से आए क्रिकेट प्रशिक्षक, खिलाड़ी और अभिभावक भी समारोह के साक्षी बने। समारोह का शुभारंभ अतिथियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार के गर्मजोशी पूर्ण स्वागत से हुआ। विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्या की ओर से मुख्य अतिथि सहित सभी विशिष्ट अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। सीबीएसई के ऑब्ज़र्वर एवं सेलेक्टर्स का भी विशेष स्वागत किया गया और प्रतियोगिता की निष्पक्षता तथा खिलाड़ियों के प्रदर्शन के मूल्यांकन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया।  इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने खेल भावना से ओतप्रोत समूह गान के रूप में मनमोहक संगीतमय प्रस्तुति दी। इसके साथ ही विद्यार्थियों की ऊर्जावान नृत्य प्रस्तुति ने समारोह में चार चांद लगा दिए। प्रस्तुतियों के दौरान पूरा ऑडिटोरियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा ।
इस अवसर पर श्री अजय पांडे, राज्य मंत्री विनय रुहेला, भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज पाल पूर्व विधायक डॉ शैलेंद्र मोहन सिंघल आदि वक्ताओं ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेलों के महत्व पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला । इसके अलावा वक्ताओं ने अनुशासन, कठिन परिश्रम, सकारात्मक सोच और टीम भावना पर प्रेरणादाई विचार व्यक्त किये । वक्ताओं ने खिलाड़ियों से पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने तथा खेल भावना को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया ।
मुख्य अतिथि दीपक मेहरा ने युवा क्रिकेटरों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता, धैर्य और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय में नवनिर्मित क्रिकेट मैदान को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि विद्यालय को इस वर्ष एक रणजी क्रिकेट मैच की मेज़बानी का अवसर प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा। ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल एकेडमी को वर्ष 2019 से सीबीएसई खेल प्रतियोगिताओं की मेज़बानी की गौरवशाली परंपरा रही है। वर्ष 2019 में विद्यालय ने अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्गों में बालिका फुटबॉल प्रतियोगिताओं की मेज़बानी की थी। वर्ष 2024-25 में सभी वर्गों एवं विभिन्न शैलियों में तैराकी प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। वहीं, पिछले वर्ष विद्यालय को अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 तीनों आयु वर्गों में सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन-I क्रिकेट प्रतियोगिता की मेज़बानी का अवसर मिला।
विद्यालय के लिए यह गौरव का विषय है कि पिछले वर्ष नॉर्थ ज़ोन-I की अंडर-19 टीम राष्ट्रीय चैंपियन, जबकि अंडर-17 टीम प्रथम उपविजेता रही। इन उपलब्धियों ने क्षेत्र में युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए विद्यालय के प्रयासों को नई पहचान प्रदान की है।
इस वर्ष विद्यालय में केवल अंडर-14 वर्ग की प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। विद्यालय प्रबंधन को विश्वास है कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से उभरकर सामने आने वाली प्रतिभाओं में से भविष्य के उत्कृष्ट क्रिकेटर और एक सशक्त टीम तैयार होगी, जो राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन करेगी।
विद्यालय के डायरेक्टर सुमित कांबोज स्वयं क्रिकेट के प्रति गहरा जुनून रखने वाले खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने रणजी स्तर तक क्रिकेट खेला है और केन्या में अंडर-19 स्तर पर भी क्रिकेट का प्रतिनिधित्व किया है। पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण उन्होंने कम उम्र में पारिवारिक व्यवसाय की जिम्मेदारी संभाली, लेकिन खेलों के प्रति उनका जुनून आज भी कायम है। वर्तमान में वे ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल एकेडमी में क्रिकेट के साथ-साथ अन्य खेलों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएँ विकसित करने तथा युवा प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
विद्यालय के संस्थापक सुनील कांबोज के मार्गदर्शन तथा चेयरमैन श्री अमित कांबोज के नेतृत्व में विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दे रहा है।
प्रधानाचार्या मधु शर्मा ने सभी अतिथियों, सीबीएसई पर्यवेक्षकों एवं चयनकर्ताओं, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों तथा आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन आरती त्रेहन एवं अक्षय प्रवेश ने किया। उन्होंने अपने प्रभावी संचालन के माध्यम से खेल को केवल जीत और हार तक सीमित न मानते हुए इसे अनुशासन, धैर्य, टीम भावना, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास का माध्यम बताया।
उद्घाटन समारोह के पश्चात सभी गणमान्य अतिथियों, सीबीएसई पर्यवेक्षकों, चयनकर्ताओं एवं विद्यालय परिवार को नेट प्रैक्टिस क्षेत्र की ओर ले जाया गया। यहां वमुख्य अतिथि श्री दीपक मेहरा ने रिबन काटकर सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन-I अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 का औपचारिक शुभारंभ किया। इसी अवसर पर विद्यालय में नवनिर्मित क्रिकेट मैदान का भी उद्घाटन किया गया। यह मैदान रणजी क्रिकेट प्रतियोगिताओं के मानकों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है।
रिबन कटते ही मैदान युवा क्रिकेट प्रतिभाओं के जोश और उत्साह से भर उठा और इसके साथ ही प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत हुई। यह प्रतियोगिता युवा क्रिकेटरों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर दे रही है। ब्राइट स्टार्ट इंटरनेशनल एकेडमी का यह मैदान आने वाले दिनों में युवा क्रिकेट प्रतिभाओं के जुनून, संघर्ष और उत्कृष्ट प्रदर्शन का साक्षी बनेगा। आशा और विश्वास है कि इसी मैदान से निकली कोई प्रतिभा आने वाले कल में न केवल उत्तराखंड, बल्कि देश के क्रिकेट पटल पर अपनी अलग पहचान बनाएगा । यही इस आयोजन की सबसे बड़ी सार्थकता होगी। यह कार्यक्रम जसपुर क्षेत्र का आज तक का सबसे बड़ा कार्यक्रम बताया गया और आगंतुकों द्वारा कार्यक्रम की जमकर सराहना की गई । इस व्यापक और क्षेत्र के ऐतिहासिक
कार्यक्रम से विद्यालय को ख्याति प्राप्त होना स्वाभाविक है ।